छत्तीसगढ़

CG News: गरीबों के राशन पर डाका! चोरी करने वाले गिरोह के 5 आरोपी गिरफ्तार, 38.60 लाख का माल जब्त..

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शासकीय उचित मूल्य दुकानों से चावल और शक्कर चोरी करने वाले कथित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 115 बोरी चावल, 2 बोरी शक्कर और चोरी में इस्तेमाल की गई क्रेटा व इनोवा कार जब्त की हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 38.60 लाख रुपये बताई गई है।

GPS ट्रैकर की मदद से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

पुलिस के अनुसार, पुसौर थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों की सरकारी राशन दुकानों में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। इससे परेशान राशन दुकान संचालकों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह और थाना प्रभारी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी।

लगातार हो रही घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस को संदेह हुआ कि चोरी की वारदातों में एक संगठित गिरोह शामिल है। इसके बाद पुलिस ने राशन दुकान संचालकों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और GPS ट्रैकर लगाने की सलाह दी।

पुलिस की सलाह पर एक संचालक ने शक्कर की बोरी में GPS ट्रैकर छिपाकर रख दिया। 25 और 26 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात कोतमरा गांव की सरकारी राशन दुकान में चोरी हुई। आरोपी ट्रैकर लगी शक्कर की बोरी भी अपने साथ ले गए।

ट्रैकर के संकेतों से पत्थलगांव पहुंची टीम

चोरी की सूचना मिलने के बाद पुसौर पुलिस ने जांच शुरू की। GPS ट्रैकर के संकेतों का पीछा करते हुए पुलिस टीम पत्थलगांव पहुंची, जहां ट्रैकर लगी शक्कर की बोरी मिली।

पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि चोरी का सामान बेचने के इरादे से वहां लाया गया था। इसके बाद पुलिस ने पत्थलगांव और आसपास के क्षेत्रों में दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

115 बोरी चावल और 2 बोरी शक्कर बरामद

पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 115 बोरी चावल और 2 बोरी शक्कर बरामद की गई। अनाज और शक्कर की अनुमानित कीमत 3.60 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल की गई एक क्रेटा और एक इनोवा कार भी जब्त की गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 35 लाख रुपये है।

इस तरह पुलिस ने कुल 38.60 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पांच आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

गिरफ्तार आरोपियों में सेवाल कुजूर, समीर आलम, मोहम्मद हफीज, संतोष कुमार माहेश्वरी और डमरूधर खूंटे शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में पुसौर थाना क्षेत्र की तीन चोरी की घटनाओं में संलिप्तता बताई है।

पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह के तार अन्य चोरी की घटनाओं से भी जुड़े हो सकते हैं। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस संभावित सहयोगियों और चोरी के अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Back to top button