धमतरी। जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बाजार कुर्रीडीह में प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मध्य प्रदेश के मंदसौर निवासी युवक अपनी शादीशुदा महिला मित्र से मिलने धमतरी पहुंचा था। इसी दौरान महिला के पति ने दोनों को एक साथ देख लिया और गुस्से में युवक पर टंगिया से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान शंकर सूर्यवंशी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब एक साल पहले मोबाइल फोन के जरिए उसकी महिला से पहचान हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दोनों एक-दूसरे के संपर्क में रहने लगे।
बताया जा रहा है कि बुधवार रात शंकर सूर्यवंशी महिला से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान महिला के पति ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद आरोपी ने टंगिया से युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही केरेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



