छत्तीसगढ़

झाड़-फूंक की आड़ में हैवानियत, प्रयागराज का कथित बाबा गिरफ्तार..

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक कथित बाबा की शर्मनाक करतूत सामने आई है। गांधीनगर थाना क्षेत्र में 24 वर्षीय युवती को नौकरी और अच्छे रिश्ते का झांसा देकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 29 वर्षीय अमित कुमार गोस्वामी निवासी सेमरा, प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी शहर में घूम-घूमकर झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के जरिए लोगों की समस्याएं दूर करने का दावा करता था।

बताया जा रहा है कि 14 जून की सुबह आरोपी पीड़िता के घर पहुंचा और नौकरी लगवाने तथा अच्छी जगह शादी कराने का झांसा दिया। इसके बाद उसने झाड़-फूंक करने के बहाने परिवार के सदस्यों को अलग-अलग जगह भेज दिया। आरोपी ने युवती की मां को चावल देकर मंदिर भेजा और बहन को कमरे से बाहर कर दिया। घर में युवती के अकेले होते ही उसने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया।

पीड़िता की शिकायत पर गांधीनगर थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में घेराबंदी कर सुभाषनगर इलाके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जो शहर छोड़कर भागने की फिराक में था।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसके पास से एक झोला भी बरामद हुआ, जिसमें तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को भ्रमित करने के लिए विभिन्न प्रकार के पाउडर और सामग्री रखी हुई थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी इसी तरीके से लोगों को अपने जाल में फंसाकर ठगी करता था।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Back to top button