छत्तीसगढ़

करंट लगाकर मर्डर, बॉयफ्रेंड संग मिलकर पत्नी ने कराई पति की हत्या..

कांकेर। जिले में एक सनसनीखेज मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा किया है। बांदे थाना क्षेत्र में पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले युवक को जमकर शराब पिलाई और फिर बिजली के तार से करंट लगाकर तड़पा-तड़पा कर मार डाला। घटना के करीब एक साल बाद पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक, 24 मई 2025 को बांदे इलाके में एक युवक की लाश मिली थी। मृतक की पहचान बालोद जिले के दल्लीराजहरा निवासी मुकेश विश्वास के रूप में हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में करंट लगने से मौत की पुष्टि हुई थी। साथ ही हाथ और उंगलियों में जलने के निशान मिले थे। मामला ब्लाइंड मर्डर बन गया था, जिसके बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।

जांच में खुलासा हुआ कि मुकेश विश्वास की पत्नी सरस्वती विश्वास का इंद्रजीत दास नाम के युवक से अवैध संबंध था। पति को इस रिश्ते की जानकारी हो गई थी और इसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। बताया जा रहा है कि मुकेश पत्नी से तलाक लेने की तैयारी में था।

इसी बात से नाराज होकर पत्नी ने प्रेमी और उसके साथियों सुरेन्द्र बछाड़ और रंजीत सरकार के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। आरोपियों ने मुकेश को बहाने से बुलाया, उसे शराब पिलाई और फिर ट्यूबवेल के बिजली तार से करंट लगाकर उसकी हत्या कर दी। आरोपियों को लगा कि मौत को हादसा समझ लिया जाएगा, लेकिन पुलिस की जांच में पूरा राज खुल गया।

Leave a Reply

Back to top button