धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के बांसपारा वार्ड में एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी की मौत की खबर सुनते ही पति गहरे सदमे में चला गया और उसने भी आत्महत्या करने की कोशिश की। फिलहाल युवक जिला अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, 21 वर्षीय दुर्गा यादव की शादी करीब दो साल पहले रायपुर जिले के परखंदा गांव से धमतरी निवासी पुरुषोत्तम यादव के साथ हुई थी। शनिवार को दुर्गा ने घर की खिड़की में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
पत्नी की मौत से टूट चुके पति पुरुषोत्तम यादव ने भी उसी फंदे से जान देने की कोशिश की, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने समय रहते उसे देख लिया और तुरंत बचाकर जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में महिला की शारीरिक समस्या को आत्महत्या की वजह माना जा रहा है। हालांकि असली कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।



