सूरजपुर \ कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन और आमरण अनशन का बड़ा असर देखने को मिला। तीन दिनों से जारी सियासी घमासान के बाद आखिरकार प्रशासन झुका और कांग्रेस की तीनों मांगों पर सहमति जताई गई। इसके बाद पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने नारियल पानी पीकर अपना अनशन समाप्त कर दिया।
मंगलवार देर रात धरना स्थल पर एसडीएम शिवानी जायसवाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पहुंचे। कांग्रेस नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच करीब तीन घंटे तक चर्चा चली। कांग्रेस नेताओं ने साफ कहा कि जब तक जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन पर दर्ज आर्म्स एक्ट की धारा नहीं हटाई जाती और संबंधित टीआई पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रशासन द्वारा दूसरे पक्ष पर काउंटर एफआईआर दर्ज करने के साथ ही कांग्रेस की मांगों पर सहमति बनने के बाद धरना समाप्त हुआ। इस पूरे घटनाक्रम ने नगर पंचायत शिवनंदनपुर चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल को पूरी तरह गर्मा दिया।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक द्वेष के चलते झूठे मामले दर्ज करवा रही है ताकि चुनाव प्रचार को प्रभावित किया जा सके। वहीं भाजपा नेताओं की शिकायत के आधार पर नरेंद्र जैन पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
धरना स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुटी रही। इस दौरान आदित्येश्वर शरण सिंहदेव, डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, पारसनाथ राजवाड़े समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे।



