छत्तीसगढ़

राहुल गांधी के बयान पर भड़के सीएम साय, बोले- कांग्रेस ने लांघी मर्यादा..

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में उस वक्त सियासी घमासान तेज हो गया, जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बयान पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। सीएम साय ने राहुल गांधी की टिप्पणी को कांग्रेस की “हताशा, संकीर्ण मानसिकता और राजनीतिक दिवालियापन” का प्रतीक बताया।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जैसे संवैधानिक पदों पर बैठे नेताओं के खिलाफ अमर्यादित और असंसदीय भाषा का इस्तेमाल बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सत्ता से बाहर रहने के कारण कांग्रेस बौखला गई है और इसी वजह से लोकतांत्रिक मर्यादाओं की सीमाएं लगातार लांघ रही है।

सीएम साय ने कहा कि जिस नेतृत्व ने आतंकवाद और नक्सलवाद जैसी गंभीर चुनौतियों का मजबूती से सामना किया, देश की सुरक्षा को मजबूत किया और दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ाया, उनके खिलाफ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध स्वाभाविक है, लेकिन विरोध की आड़ में अपमानजनक भाषा का प्रयोग स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि देश की जनता पीएम मोदी और अमित शाह के नेतृत्व में सुरक्षित और विकसित भारत देख रही है और कांग्रेस के इस गैर-जिम्मेदाराना रवैये को जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।

राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस पर तीखे हमले शुरू कर दिए हैं।

Leave a Reply

Back to top button