रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र के ग्राम बेहरामार में जमीन विवाद के चलते एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। आरोपी ने अपनी ही बड़ी मां की बेरहमी से हत्या कर शव को मोटरसाइकिल में लादकर जंगल में फेंक दिया।
जानकारी के अनुसार, 22 अप्रैल को ग्राम बेहरामार निवासी लोकनाथ राठिया ने थाना छाल में अपनी मां केवला बाई राठिया (70) के लापता होने की सूचना दी और चचेरे भाई आशन राठिया पर संदेह जताया। इसी दौरान जंगल में दुर्गंध आने और शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां झाड़ियों के बीच गड्ढे में सड़ा-गला शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान केवला बाई राठिया के रूप में हुई।
जांच में सामने आया कि जमीन बंटवारे को लेकर आरोपी और मृतिका के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। 18 अप्रैल को महुआ बीनने के दौरान हुए विवाद में आरोपी ने हाथ-मुक्कों और लात-घूसों से हमला कर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने शव को छिपाने के लिए मोटरसाइकिल में लादकर जंगल में फेंक दिया।
पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी आशन राठिया (36) को हिरासत में लेकर सघन पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
मामले में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 86/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।



