छत्तीसगढ़

शराब घोटाला: ED का बड़ा एक्शन, 100 करोड़ मिलने की जानकारी के बाद सौम्या चौरसिया की मुश्किलें बढ़ी..

रायपुर। छत्तीसगढ़ के 3200 करोड़ रुपए के शराब घोटाले मामले में ईडी (Enforcement Directorate) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की डिप्टी सेक्रेटरी रही सौम्या चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया है। ईडी के मुताबिक, पिछली सरकार के दौरान राज्य में हुए कई घोटालों में पैसों के मैनेजमेंट में उनकी अहम भूमिका रही।

शराब घोटाला मामले में ED ने ACB में FIR दर्ज कराई है। जिसमें 2 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा के घोटाले की बात कही गई है। ED ने अपनी जांच में पाया कि, सौम्या, रिटायर्ड IAS अनिल टुटेजा और अनवर ढेबर-चैतन्य बघेल के बीच हुई चैट्स में कई अहम सबूत भी मिले हैं।

पप्पू बंसल उर्फ लक्ष्मी नारायण अग्रवाल, तांत्रिक केके श्रीवास्तव और कारोबारी अनवर ढेबर के होटल मैनेजर दीपेन चावड़ा के बयान के आधार पर सौम्या चौरसिया को गिरफ्तार किया। ईडी का दावा है कि सौम्या लीकर स्कैम नेटवर्क में कोऑर्डिनेटर की भूमिका निभा रही थीं और घोटाले से उन्हें करीब 100 करोड़ रुपए मिलने की जानकारी है।

ईडी ने सौम्या को समन जारी कर मंगलवार को पूछताछ के लिए जोनल ऑफिस बुलाया था और शाम 5.30 बजे गिरफ्तार किया। आज ईडी सौम्या को रायपुर के PMLA स्पेशल कोर्ट में पेश कर कस्टोडियल रिमांड पर लेने की मांग करेगी। यह दूसरी बार है जब ईडी ने सौम्या को गिरफ्तार किया है।

मई में सुप्रीम कोर्ट ने दी थी जमानत

सौम्या चौरसिया कोयला घोटाला मामले की मुख्य आरोपियों में शामिल हैं। इससे पहले मई महीने में सुप्रीम कोर्ट की शर्तों पर सौम्या चौरसिया समेत छह आरोपियों को रिहा किया गया था। रिहाई के दौरान कोर्ट ने उन्हें राज्य से बाहर रहने के निर्देश भी दिए थे।

Leave a Reply

Back to top button