रायपुर। UGC NET के लिए एडमिट कार्ड जारी हो गए हैं। परीक्षा 18 जून को होगी। परीक्षा के लिए रायपुर, भिलाई समेत प्रदेश के 11 शहरों में केंद्र बनाए गए हैं। उम्मीदवार ugcnet.nta.ac.in. से परीक्षा सिटी स्लिप डाउनलोड कर सकते हैं। अपने आवेदन संख्या और जन्म तिथि का उपयोग करके परीक्षा शहर सूचना पर्ची डाउनलोड हो सकेगी।
दो पालियों में होगी परीक्षा
UGC NET दो पालियों में होगी। पहली पाली में सुबह 9.30 से दोपहर 12.30 तक और दूसरी पाली में दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक होगी। इस बार एग्जाम पैटर्न में बदलाव किया गया है। पहले परीक्षा सीबीटी मोड में होती थी, लेकिन अब पेन- पेपर मोड में होगी।
इन 11 शहरों में बनाए गए परीक्षा केंद्र
UGC NET की परीक्षा के लिए प्रदेश की राजधानी रायपुर, बिलासपुर, भिलाई-दुर्ग, अंबिकापुर, दंतेवाड़ा, जगदलपुर, कांकेर, कोरबा, मनेंद्रगढ़, रायगढ़ और राजनांदगांव में सेंटर बनाया गया है। इसी तरह देश के 360 शहरों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे।
83 विषयों के लिए हो रही परीक्षा
यूजीसी-नेट की परीक्षा जूनियर रिसर्च फेलोशिप, सहायक प्रोफेसर की पात्रता के लिए होती है, लेकिन इस बार इसके माध्यम से पीएचडी में प्रवेश भी होंगे। जानकारी के मुताबिक इस बार नेट कुल 83 विषयों के लिए हो रही है।
ग्रेजुएशन में 75% मार्क्स लाने जरूरी होंगे
नए नियम केअनुसार, अब जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) के साथ या उसके बिना PhD करने के लिए उम्मीदवारों को अपने चार साल के ग्रेजुएशन में कम से कम 75% नंबर लाने होंगे। अभी तक NET के लिए उम्मीदवार को कम से कम 55% मार्क्स के साथ मास्टर डिग्री की जरूरत होती थी।
अब स्टूडेंट्स ग्रेजुएशन में भी 75% मार्क्स स्कोर करके NET और PhD कर सकेंगे। जिन कैंडिडेट्स ने 3 साल का ग्रेजुएशन किया है या ग्रेजुएशन में 75% से कम मार्क्स हैं, वे पहले की तरह 55% स्कोर के साथ मास्टर्स करके NET-PhD कर सकेंगे।



