राज्य

राजस्थान में रामलहर का ज्वार! सर्वे में भाजपा का वोट शेयर कर रहा हैरान

नई दिल्ली/जयपुर.

हाल में ही राजस्थान विधानसभा चुनाव में बहुमत हासिल करने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लोकसभा चुनाव में कितनी सीटों पर कब्जा कर पाएगी? इंडिया टुडे और सीवोटर की ओर से किए गए सर्वे में का नतीजा भाजपा को जहां बड़ी खुशखबरी दे रहा है तो कांग्रेस की चिंता बढ़ सकती है। सर्वे के आंकड़े बेहद चौंकाने वाले हैं।

सीवोटर के सर्वे के मुताबिक, भाजपा एक बार फिर सभी 25 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल कर सकती है।वहीं कांग्रेस को एक बार फिर खाली हाथ रहना पड़ सकता है। 2019 लोकसभा चुनाव में भी भाजपा ने 24 सीटों पर कब्जा किया था। तब एनडीए के साथ रहे आरएलपी के हनुमान बेनीवाल को एक सीट पर जीत मिली थी। सी-वोटर सर्वे के मुताबिक 'रामलहर' पर सवार भाजपा राजस्थान में सभी सीटों पर एकतरफा जीत हासिल कर सकती है। भाजपा और कांग्रेस के वोट शेयर में करीब 23 पर्सेंट का अंतर रहने की संभावना जताई गई है। सीवोटर के सर्वे के मुताबिक भाजपा 58.6 फीसदी वोट शेयर पर कब्जा कर सकती है। सत्ता गंवा चुकी कांग्रेस को महज 35.4 फीसदी वोट मिलता दिख रहा है। अन्य के खाते में 6 फीसदी वोट जा सकते हैं।

इतनी बड़ी जीत की क्या वजह
पिछले दो लोकसभा चुनावों में राजस्थान में कांग्रेस का सूपड़ा साफ कर चुकी भाजपा लगातार तीसरी बार यहां बंपर जीत हासिल कर सकती है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राजस्थान में पीएम मोदी की लोकप्रियता अब भी कायम है। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचने की वजह एक तरफ जहां लाभार्थी वर्ग तैयार हुआ है तो दूसरी तरफ इस बार भाजपा को 'रामलहर' का भी फायदा मिल सकता है। 2019 के लोकसभा चुनाव के मुकाबले भी अधिक वोट शेयर मिलने की संभावना के पीछे हाल ही में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को वजह माना जा रहा है।

Leave a Reply

Back to top button