बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां छोटे भाई को बचाने पहुंचे युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के पीछे युवती से बातचीत और दोस्ती को कारण बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, मृतक अभिषेक यादव (22) मोपका गुड़ी मोहल्ले का निवासी था और बीए सेकंड ईयर का छात्र था। शनिवार रात करीब 10:30 बजे उसके चचेरे भाई ओमप्रकाश यादव (16) का कुछ युवकों से विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया और 5 युवकों ने ओमप्रकाश को घेरकर पीटना शुरू कर दिया।
छोटे भाई को बचाने के लिए अभिषेक मौके पर पहुंचा, लेकिन इसी दौरान आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। एक आरोपी ने चापड़ से उसके गले पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद छोटा भाई जान बचाकर भागा और आरोपी उसका पीछा करते हुए पुलिस चौकी तक पहुंच गए। किसी तरह वह चौकी में घुसकर अपनी जान बचा सका।
घायल अभिषेक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने थाने का घेराव कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



