महासमुंद। जिले के पिथौरा वन परिक्षेत्र से वन्यजीव शिकार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सुखीपाली गांव के शांतिनगर इलाके में कुछ ग्रामीणों ने एक मादा नीलगाय पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी तेंदूपत्ता तोड़ने के दौरान नीलगाय पर नजर पड़ते ही उसे कुत्तों से दौड़ाकर थका दिया और फिर हमला कर मार डाला।
घटना के बाद आरोपी नीलगाय को खेत में ले गए और उसका मांस पकाने की तैयारी करने लगे। इसी बीच सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि चार अन्य मौके से फरार हो गए। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। वन विभाग ने इस घटना को गंभीर वन्यजीव अपराध मानते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



