राज्य

अमित शाह 16 अगस्त को अलवर दौरे पर, ₹250 करोड़ के डेयरी प्लांट का करेंगे शिलान्यास; मेडिकल कॉलेज भवन का उद्घाटन भी

 अलवर

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 16 अगस्त को अलवर दौरे पर रहेंगे। गृह मंत्री अपने इस दौरे के दौरान सरस डेयरी में करीब 250 करोड़ रुपए की लागत से लगने वाले नए प्लांट का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही वे अलवर मेडिकल कॉलेज के नए भवन का उद्घाटन कर जिले वासियों को बड़ी सौगात देंगे।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मौजूद रहेंगे। गृह मंत्री सरस डेयरी परिसर स्थित मैदान में एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जिसमें भारी भीड़ जुटाने के प्रयास रहेंगे।

तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक
गृह मंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर मंगलवार को वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिला कलेक्टर अर्तिका शुक्ला सहित पुलिस और प्रशासन के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और जनसभा स्थल की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

तैयारी बैठक में ये रहे मौजूद:
बैठक में वन मंत्री संजय शर्मा, सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान, जिला प्रमुख बलवीर छिल्लर, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता, जिलाध्यक्ष महासिंह चौधरी और जिला कलेक्टर अर्तिका शुक्ला समेत कई प्रमुख जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

.

Leave a Reply

Back to top button