छत्तीसगढ़

कथित गौमांस मामले के बाद धमतरी में बवाल, बुलडोजर कार्रवाई का विरोध..

धमतरी। जिले में कथित गौमांस बरामदगी के बाद प्रशासन की कार्रवाई को लेकर माहौल गर्मा गया है। हिंदू संगठनों की मांग पर नगर निगम की टीम साल्हेवारपारा वार्ड के गाड़ापारा इलाके में अतिक्रमण हटाने पहुंची, जहां बुलडोजर कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। विरोध बढ़ने पर मौके पर मौजूद पुलिस बल को हस्तक्षेप करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, निगम की टीम करीब आठ मकानों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्हें पर्याप्त समय और वैकल्पिक व्यवस्था दिए बिना मकान तोड़े जा रहे हैं। वहीं निगम अधिकारियों का कहना है कि सभी प्रभावित लोगों को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका था और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

हंगामे के बीच कुछ समय के लिए बुलडोजर की कार्रवाई प्रभावित हुई, लेकिन प्रशासन ने हथौड़ों और अन्य संसाधनों की मदद से अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रखा। पूरे क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

गौरतलब है कि 11 जून को हिंदू जागरण मंच की सूचना पर पुलिस ने गाड़ापारा क्षेत्र से लगभग 86 किलो पशु मांस जब्त किया था। पशु चिकित्सा विभाग की प्रारंभिक जांच के बाद मांस के नमूने हैदराबाद लैब भेजे गए हैं। अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि बरामद मांस किस पशु का था।

Leave a Reply

Back to top button