बालोद। छत्तीसगढ़ के देवरी थाना क्षेत्र के सम्बलपुर (नाहन्दा) गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। नाबालिग बेटी से बातचीत का विरोध करने पर एक पिता की कथित तौर पर लाठी-डंडों से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक गौकरण साहू अपने घर में सो रहे थे, तभी देर रात आरोपी घर में घुस आए और बांस के डंडों व लकड़ी से उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल गौकरण साहू को पहले देवरी अस्पताल और बाद में हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जांच के दौरान मृतक की 13 वर्षीय बेटी से पूछताछ में पता चला कि गांव के भानुप्रताप जैन (18 वर्ष) से उसकी बातचीत होती थी। पिता द्वारा इसका विरोध किए जाने से नाराज होकर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।



