नेशनल

राजधानी के एक्स्ट्रीम बार में डीजे संचालक की गोली मारकर हत्या..DJ बजाने को लेकर हुआ विवाद..आरोपी फरार, तलाश जारी..

रांची। राजधानी रांची के डीजे बजाने वाले युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक की पहचान संदीप उर्फ सैंडी डीजे के रूप में की गई। घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी युवक हाथ में बंदूक लिए मुंह पर कपड़ा बांधे डीजे बजाने वाले युवक को सामने से गोली मारते दिख रहा है। घटना रविवार 26 मई की देर रात एक्स्ट्रीम बार की है।

जानकारी के अनुसार,  रात 1 बजे के आसपास 4-5 युवक बार बंद होने के बाद वहां पहुंचे थे। इसी बीच बार में बैठने को लेकर विवाद हुआ। चुकी बार बंद हो चुका था, इसके बाद भी आरोपी बार खुलवाकर डीजे बजाने की बात कहते हुए विवाद करने लगे। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि एक युवक बंदूक लेकर बार के अंदर घुसा और डीजे बजाने वाले कोलकाता निवासी संदीप प्रमाणिक उर्फ सैंडी डीजे की छाती में गोली मार दी। गोली लगने के बाद संदीप कुछ दूर तक पैदल चला और उसके बाद गिर गया।

आरोपी घटना के बाद अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। रात में ही गंभीर हालत में संदीप को रिम्स लाया गया। यहां डाॅक्टरों ने उपचार के दौरान युवक को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी के बाद चुटिया व कोतवाली थाना प्रभारी रात में घटना स्थल पहुंचे थे। आज सुबह एसएसपी, एसपी, सीटी डीएसपी के अलावा थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे थे। आरोपी फरार है, जिनकी तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Back to top button