मुरैना.
सुमावली थाना क्षेत्र के हटूपुरा घुरैया बसई गांव में एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच फायरिंग हुई। इस घटना में राजवीर गुर्जर और अजब सिंह गुर्जर की मौके पर ही मौत हो गई। गोली लगने से घायल तीन अन्य व्यक्तियों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया, जिनमें से दो को ग्वालियर रेफर किया गया है।
दोनों मृतक सगे भाई हैं और रामजीलाल गुर्जर के बेटे हैं। घायल व्यक्तियों में विक्की और धीरज शामिल हैं। ज्ञात होकि पिछले कुछ दिनों पहले ही मुरैना जिले में पारिवारिक रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई थी। चिन्नोनी थाना क्षेत्र के सुर्रापुरा गांव में एक युवक ने अपने ही चचेरे भाई को उस समय गोली मार दी थी, जब वह घर के बाहर खटिया पर सो रहा था। गंभीर घायल युवक को इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया था, जबकि आरोपी घटना के बाद से फरार थे। जानकारी के मुताबिक, सुर्रापुरा निवासी दिलीप शर्मा मंगलवार देर रात घर के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान उनके चचेरे भाई सतीश शर्मा ने पीछे से उनकी पीठ पर गोली चला दी थी। गोली लगते ही दिलीप लहूलुहान होकर गिर पड़े थे। गोली की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें पहले कैलारस अस्पताल ले गए थे।
प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मुरैना रेफर किया गया था, लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने ग्वालियर भेज दिया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी सतीश शर्मा अपनी पत्नी से चल रहे तलाक के विवाद को लेकर परिवार से नाराज था। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी गांव आने पर अक्सर दिलीप शर्मा और अन्य रिश्तेदारों के यहां ठहरती थी, जिससे सतीश के मन में लंबे समय से नाराजगी थी। पुलिस इसी पारिवारिक रंजिश को वारदात की वजह मानकर जांच कर रही है।



