रायपुर। विनोद कुमार शुक्ल को प्रतिष्ठित ज्ञानपीठ पुरस्कार मिला है, CM साय ने बधाई देते हुए कहा, देश के लब्धप्रतिष्ठ उपन्यासकार–कवि आदरणीय विनोद कुमार शुक्ल जी को प्रतिष्ठित ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित किए जाने का समाचार प्राप्त हुआ है। यह छत्तीसगढ़ के लिये गौरव की बात है। आदरणीय शुक्ल जी को अशेष बधाई। उन्होंने एक बार पुनः छत्तीसगढ़ को भारत के साहित्यिक पटल पर गौरवान्वित होने का अवसर दिया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विनोद कुमार शुक्ल का साहित्य विचारों और संवेदनाओं का अद्वितीय संगम है, जो जनमानस को छूता है। उनकी रचनाओं में गहराई, मौलिकता और मानवीय सरोकारों की झलक मिलती है। उनका रचना संसार छत्तीसगढ़ की माटी की खुशबू को भारत के कोने-कोने में पहुँचाता है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ज्ञानपीठ जैसे प्रतिष्ठित सम्मान से सम्मानित होना न केवल उनके सृजन की पहचान है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक एवं साहित्यिक वैभव की भी मान्यता है। मुख्यमंत्री साय ने उनके दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की है।
अब तक मिल चुका है ये सम्मान
गजानन माधव मुक्तिबोध फेलोशिप ‘ (म.प्र. शासन)
रज़ा पुरस्कार ‘ (मध्यप्रदेश कला परिषद)
शिखर सम्मान ‘ (म.प्र. शासन)
राष्ट्रीय मैथिलीशरण गुप्त सम्मान ‘ (म.प्र. शासन)
दयावती मोदी कवि शेखर सम्मान’ (मोदी फाउंडेशन)
साहित्य अकादमी पुरस्कार’, (भारत सरकार)
हिन्दी गौरव सम्मान’ (उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान, उ.प्र. शासन)