छत्तीसगढ़

महादेव बेटिंग ऐप केस: ED के सामने फिर पेश हुईं शेफाली बग्गा..

रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप और मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने स्पोर्ट्स प्रेजेंटर और बिग बॉस फेम शेफाली बग्गा से लगातार दूसरे दिन रायपुर स्थित जोनल कार्यालय में पूछताछ की। शुक्रवार को वह सुबह ED ऑफिस पहुंचीं, जहां उनसे कई घंटों तक पूछताछ जारी रही।

जांच एजेंसी के अनुसार, शेफाली बग्गा पर विदेशों से संचालित ऑनलाइन बेटिंग ऐप्स के प्रमोशन, टेलीग्राम चैनलों के जरिए बेटिंग लिंक और टिप्स साझा करने तथा कथित हवाला नेटवर्क से जुड़े लोगों के संपर्क में रहने के आरोपों की जांच की जा रही है।

ED का दावा है कि जांच के दौरान ऐसे डिजिटल साक्ष्य और प्रमोशनल कंटेंट मिले हैं, जिनमें शेफाली बेटिंग ऐप्स का प्रचार करती दिखाई देती हैं। एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि उन्हें इन गतिविधियों के बदले किसी प्रकार का आर्थिक लाभ मिला या नहीं।

वहीं, गुरुवार को पहली पूछताछ के बाद मीडिया से बातचीत में शेफाली बग्गा ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें “पूरी तरह झूठा और निराधार” बताया था। फिलहाल ED डिजिटल रिकॉर्ड, वित्तीय लेन-देन और कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button