रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बंगाल, झारखंड और ओडिशा में बने लो-प्रेशर सिस्टम के असर से प्रदेश के कई जिलों में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
सबसे अधिक असर बिलासपुर में देखने को मिला, जहां पिछले 24 घंटे में करीब 280 मिमी बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश से शहर में 20 साल बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए। नेशनल हाईवे-49 पर कई स्थानों पर 4 से 5 फीट तक पानी भर गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
तेज बहाव के कारण सरकंडा के लिंगियाडीह क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। वहीं लीलागर नदी के पुल पर पानी आने से मार्ग बंद कर दिया गया। शहर के कई निचले इलाकों और कॉलोनियों में घरों तक पानी पहुंच गया, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
हालात को देखते हुए प्रशासन ने बिलासपुर जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। रेलवे ट्रैक पर जलभराव के चलते 5 मेमू ट्रेनें रद्द कर दी गईं, जबकि 3 ट्रेनों के रूट बदले गए हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से अगले दो दिनों तक अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों से दूर रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।



