रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित कोयला और शराब घोटाला मामलों में गिरफ्तार कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को अदालत से बड़ा झटका लगा है। विशेष अदालत ने आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की मांग स्वीकार करते हुए उनकी पुलिस रिमांड 22 जुलाई तक बढ़ा दी है। अब जांच एजेंसी दोनों मामलों में उनसे गहन पूछताछ करेगी।
बचाव पक्ष के वकील फैसल रिजवी ने रिमांड बढ़ाए जाने की पुष्टि की है। बताया गया कि EOW ने अदालत से पांच दिन की अतिरिक्त पुलिस रिमांड मांगी थी, जिसे कोर्ट ने मंजूरी दे दी। इससे पहले रामगोपाल अग्रवाल नौ दिनों तक EOW की हिरासत में रह चुके हैं।
गौरतलब है कि रामगोपाल अग्रवाल को पहले कोयला घोटाला मामले में गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान ही EOW ने उन्हें शराब घोटाला मामले में भी गिरफ्तार कर लिया। अब जांच एजेंसी दोनों मामलों को जोड़कर वित्तीय लेन-देन, दस्तावेजी साक्ष्यों और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
सूत्रों के अनुसार रिमांड अवधि के दौरान EOW कई अहम दस्तावेजों का मिलान करेगी और घोटालों से जुड़े आर्थिक लेन-देन की कड़ियों को खंगालते हुए आरोपियों के नेटवर्क की जानकारी जुटाने का प्रयास करेगी।



