बलरामपुर। शारदापुर में गुरुवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे मां-बेटे की मौत हो गई। घटना त्रिकुंडा थाना क्षेत्र की है। वहीं, वाड्रफनगर के बरतीकला में 8 बकरियों और 2 गायों की भी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, शारदापुर निवासी धनबसिया (62) और उसके बेटे हिमाचल (27) आज दोपहर खेत में काम करने गए थे। इसी दौरान तेज गरज-चमक के साथ बारिश होने लगी। बारिश से बचने के लिए दोनों एक ही छाते के नीचे खेत के मेड़ में बैठ गए। आकाशीय बिजली गिरने से धनबसिया और हिमाचल गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों ने उन्हें खेत में बेहोश पड़ा देखा, तो निजी वाहन से लेकर वाड्रफनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। चिकित्सकों ने मां-बेटे दोनों को मृत घोषित कर दिया। शवों को मॉर्च्युरी में रख दिया गया है। शुक्रवार को शवों को पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।
10 मवेशियों की गई जान
वाड्रफनगर ब्लॉक के बरतीकला गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 8 बकरियों और दो गायों की मौत हो गई। बलरामपुर जिले के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश हुई है। दोपहर बाद गरज-चमक के साथ बारिश के बीच गाज गिरने की घटनाएं भी हुई हैं।



