छत्तीसगढ़

डिप्टी सीएम विजय शर्मा की पहल से दिव्यांग धनीराम बने आत्मनिर्भर, मिली पेट्रोल स्कूटी..

कवर्धा। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से दिव्यांगजनों के सामाजिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार सकारात्मक पहल की जा रही है। इसी क्रम में लोहारा निवासी दिव्यांग धनीराम पटेल को पेट्रोल चलित स्कूटी प्रदान की गई, जिससे उनके जीवन और व्यवसाय को नई गति मिलेगी।

विधायक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की धर्मपत्नी एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य रश्मि विजय शर्मा ने धनीराम पटेल को स्कूटी की चाबी सौंपी। स्कूटी मिलने पर धनीराम की खुशी देखते ही बन रही थी। उन्होंने इस सहयोग के लिए उप मुख्यमंत्री और रश्मि विजय शर्मा का आभार जताया।

जानकारी के अनुसार, जनसंपर्क दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने लोहारा क्षेत्र में धनीराम पटेल से मुलाकात की थी। बातचीत में धनीराम ने बताया था कि दुकानदारी के लिए बाजार से सामान लाने-ले जाने में उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उनकी समस्या सुनते ही उप मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल पेट्रोल चलित स्कूटी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे।

रश्मि विजय शर्मा ने कहा कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि छोटी-सी सहायता भी किसी व्यक्ति के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती है। स्कूटी मिलने से धनीराम अब अपने व्यवसाय और दैनिक जरूरतों को अधिक आत्मविश्वास के साथ पूरा कर सकेंगे।

कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष देवकुमारी चंद्रवंशी, सतविंदर पाहुजा, सविता ठाकुर, नरेंद्र मानिकपुरी सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Back to top button