छत्तीसगढ़

सरगुजा में दर्दनाक घटना: प्रेमी युगल के शव पेड़ से लटके मिले..

सरगुजा। जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सरगवां गांव में गुरुवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। गांव के बाहर एक पेड़ पर प्रेमी युगल के शव फंदे से लटके मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, सुबह ग्रामीणों और परिजनों ने गांव के बाहर स्थित एक पेड़ पर युवक और युवती के शव लटके हुए देखे। इसके बाद तत्काल उदयपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों शवों को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। हालांकि आशंका जताई जा रही है कि प्रेम संबंधों को लेकर पारिवारिक विरोध या अन्य व्यक्तिगत कारणों के चलते दोनों ने यह कदम उठाया हो सकता है।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

इस दर्दनाक घटना के बाद सरगवां गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों और परिजनों में घटना को लेकर गहरा दुख और मायूसी देखी जा रही है।

Leave a Reply

Back to top button