छत्तीसगढ़

इंडस्ट्रियल एरिया में आग से अफरा-तफरी, कोयला टैंक से उठीं ऊंची लपटें..

भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई स्थित हथखोज इंडस्ट्रियल एरिया में मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एमआर एंटरप्राइजेज कंपनी के परिसर में बने कोयला टैंक में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर-दूर तक धुआं और आग का गुबार दिखाई देने लगा, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 2 बजे की है। कंपनी प्रबंधन ने तत्काल इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन विभाग की टीम दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

मौके पर पहुंचने पर फायर ब्रिगेड कर्मियों ने देखा कि कोयला टैंक में आग तेजी से फैल रही है और ऊंची-ऊंची लपटें निकल रही हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग को आसपास के हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा औद्योगिक हादसा टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

फिलहाल संबंधित विभाग द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या कोयले में उत्पन्न गर्मी को संभावित कारण माना जा रहा है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Back to top button