रायपुर। छत्तीसगढ़ के विभिन्न नगरीय निकायों में 1 जून को हुए उपचुनावों के परिणाम घोषित हो गए हैं। बिलासपुर और जगदलपुर नगर निगम में कांग्रेस ने जीत दर्ज कर भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका दिया है। वहीं राजनांदगांव के घुमका नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर भी कांग्रेस ने कब्जा जमाया, जबकि सूरजपुर में भाजपा को सफलता मिली।
जगदलपुर नगर निगम के इंदिरा वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी ने भाजपा उम्मीदवार मनोहर दत्त तिवारी को 436 वोटों से पराजित किया। मनोहर दत्त तिवारी को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव का करीबी माना जाता है। इस जीत के साथ कांग्रेस ने अपने पारंपरिक गढ़ पर एक बार फिर कब्जा बरकरार रखा।
इंदिरा वार्ड में कुल 1,542 मतदाताओं में से 1,223 लोगों ने मतदान किया था। यह सीट कांग्रेस के वरिष्ठ पार्षद अब्दुल रशीद के निधन के बाद रिक्त हुई थी। अब्दुल रशीद लगातार चार बार पार्षद रहे थे और इससे पहले उनकी मां भी इस वार्ड का प्रतिनिधित्व कर चुकी थीं।

वहीं बिलासपुर नगर निगम के वार्ड क्रमांक-29 में कांग्रेस प्रत्याशी शेख आजम ने भाजपा के मधुसूदन राव को 1,062 वोटों के बड़े अंतर से हराकर जीत दर्ज की।
उपचुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस नेताओं ने इसे जनता का भाजपा सरकार से मोहभंग बताया है। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि जनता का भरोसा भाजपा से उठ रहा है। दूसरी ओर जगदलपुर के महापौर संजय पांडेय ने हार की समीक्षा करने की बात कही है।
इन नतीजों के बाद राज्य की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है और दोनों प्रमुख दल आगामी चुनावी रणनीति को लेकर सक्रिय हो गए हैं।



