छत्तीसगढ़

संत गाडगे बाबा के आदर्शों पर चलने का मुख्यमंत्री साय का आह्वान, विकास कार्यों को मिली रफ्तार..

रायपुर/बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर जिले के बोदरी में आयोजित संत शिरोमणि गाडगे बाबा की 150वीं जयंती, शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह में शामिल होकर समाज को सेवा, स्वच्छता और सामाजिक समरसता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने संत गाडगे बाबा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताया।

मुख्यमंत्री ने समारोह के दौरान लगभग 42 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क अधोसंरचना से क्षेत्र के विकास, व्यापार और आवागमन को नई गति मिलेगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि संत गाडगे बाबा ने जीवनभर स्वच्छता, मानव सेवा और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष किया। उनके आदर्श आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहा स्वच्छ भारत मिशन भी संत गाडगे बाबा के स्वच्छता संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बना है।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कन्नौजे रजक समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 60 लाख रुपये, संत गाडगे भवन के लिए 25 डिसमिल भूमि, सन्नडय कुर्मी समाज के सामुदायिक भवन के लिए 60 लाख रुपये तथा वर्मा समाज के सामुदायिक भवन के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की।

इसके अलावा धमनी-चकरभाठा मिडिल स्कूल को हाई स्कूल में उन्नयन, बोदरी में एयरपोर्ट के समीप खेल मैदान उपलब्ध कराने और जोरा तालाब के सौंदर्यीकरण की घोषणा भी की गई।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने समाज के मेधावी विद्यार्थियों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों और समाजसेवियों का सम्मान करते हुए कहा कि ऐसे सम्मान युवाओं को आगे बढ़ने और समाज सेवा के लिए प्रेरित करते हैं।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Back to top button