छत्तीसगढ़

प्रमोशन की खुशी मातम में बदली, सड़क हादसे में SECL अधिकारी की मौत..

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में SECL अधिकारी अरुण कुमार त्यागी की मौत हो गई। हादसा बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-130 पर चोटिया के पास हुआ, जहां उनकी कार आगे चल रहे एक पार्सल वाहन से जा टकराई।

जानकारी के मुताबिक, अरुण कुमार त्यागी SECL गेवरा एरिया के पूर्व महाप्रबंधक (GM) थे। हाल ही में उन्हें निर्देशक तकनीकी (DT) पद पर प्रमोशन मिला था। वे नई जिम्मेदारी संभालने के लिए कार से सिंगरौली जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पार्सल वाहन से भिड़ गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और अरुण त्यागी गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इस हादसे के बाद SECL अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Back to top button