छत्तीसगढ़

शराब के नशे में पति बना हैवान, पत्नी को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट..

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर के ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में महिला की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। यह कोई सामान्य मौत नहीं बल्कि हत्या का मामला निकला। पुलिस जांच में सामने आया कि शराब के नशे में पति ने पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की थी, जिससे अंदरूनी चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, मणिपुर थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में रहने वाली 32 वर्षीय सुखमनिया अपने पति जमुना चिकवा और दो बच्चों के साथ किराए के मकान में रहती थी। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी दोनों शराब पीते थे और इसी बात को लेकर अक्सर विवाद होता था। घटना वाली रात भी दोनों के बीच शराब को लेकर जमकर झगड़ा हुआ।

गुस्से में आकर पति ने पत्नी की डंडे से पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान महिला को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। अगले दिन सुबह बच्चों ने मां को उठाने की कोशिश की, लेकिन कोई हरकत नहीं होने पर पड़ोसियों को बुलाया गया। कमरे में महिला का शव अर्धनग्न हालत में पड़ा मिला, जिसे देखकर हर कोई दंग रह गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया, जहां अंदरूनी चोटों से मौत की पुष्टि हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी पति ने शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Hashtags

Leave a Reply

Back to top button