
रायपुर
भाजयुमो के कार्यकर्ता बेरोजगारी के मुद्दे पर सीएम हाउस घेरने के लिए निकले थे। पुलिस ने बड़े रस्से से उन्हें रोकने की कोशिश की, जिस वजह से दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की हुई। कुछ जगहों पर कार्यकर्ता और पुलिस के बीच गाली गलौज की स्थिति बनी। कई ऐसे वीडियो सामने आए हैं, जिसमें कार्यकर्ता पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी करते नजर आ रहे हैं। ऐसे कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, OCM चौक के पास ही तुषार चोपड़ा एवं अन्य के द्वारा पुलिस से अभद्रता करने, मारपीट करने, शासकीय कार्य में बाधा डालने पर कोतवाली थाना में अपराध दर्ज़ किया गया है।पंचशील नगर में बैरिकेड के पास शुभम गुप्ता निवासी अकलतरा, सोनू सिंह निवासी अकलतरा, रवि पांडे निवासी जांजगीर चांपा, नरोत्तम गव्हेल निवासी मालखरोदा, सुमित पांडे निवासी अकलतरा, राजकुमार चंद्रा निवासी जांजगीर,गिरधर गोपाल चंद्रा निवासी जयजयपुर, मनोज कुमार साहू निवासी जय जयपुर, करण कुमार यादव निवासी अकलतरा, सुनील सिंह निवासी अकलतरा एवं अन्य के द्वारा तोड़फोड़, अभद्रता, पुलिस कर्मचारियों को धक्का देने, शासकीय कार्य में बाधा पहुँचाने, पुलिस अधिकारियों को चोट कारित करने पर थाना सिविल लाईंस में अपराध दर्ज़ किया गया है।
शहीद भगत सिंह चौक पर निखिल सिंह राठौर निवासी भानूप्रतापपुर ,राज कमल राठौर निवासी सक्ती ,सतनाम सिंह निवासी रायगढ़, सूरज शर्मा निवासी रायगढ़ ,मयूरेश केसरवानी निवासी सारंगढ़, आलोक पटेल निवासी डभरा चंद्रपुर एवं अन्य के द्वारा तोड़फोड़ करने, संपत्ति को नुक़सान पहुँचाने, पुलिस कर्मचारियों को धक्का देने, शासकीय कार्य में बाधा पहुँचाने, पुलिस कर्मचारियों को चोट कारित करने पर थाना सिविल लाईंस में अपराध दर्ज़ किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि वीडियो के आधार पर कुछ अन्य नामों की भी पहचान की जा रही है।



