भोपाल: मुख्यमंत्री शिवराज की ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’ (Ladli Behna Yojana) के माध्यम से पात्र महिलाओं के खाते में आज से एक हजार रुपए महीने की राशि जमा होना शुरु हो जाएगी। इसी क्रम में आज मुख्यमंत्री शाम को प्रदेश भर की महिलाओं से संवाद करेंगे। इसके पहले CM चौहान ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि, आज का दिन उनके स्वयं के लिए और प्रदेश भर की महिलाओं के लिए बहुत अहम है। आज शाम को पात्र महिलाओं के खाते में एक हजार रुपए महीने डाले जाएंगे। इसके बाद फिर हर महीने की 10 तारीख को ये राशि उनके खाते में आएगी।
मुख्यमंत्री शिवराज ने आज प्रदेश की सवा करोड़ महिलाओं के खाते में ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’ के तहत एक हजार रुपए प्रति माह पहुंचने के पूर्व कहा कि, आज का दिन उनके लिए सबसे सुखद है और उन्हें लग रहा है कि उनका मुख्यमंत्री बनना सफल हो गया है। महिला सशक्तिकरण, महिला कल्याण, उन्हें न्याय मिले, उनके साथ दोयम व्यवहार न हो, इसके लिए बरसों पहले प्रदेश में अभियान शुरु हुआ था। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में मुख्यमंत्री बनने के तत्काल बाद उन्होंने बेटी की शादी बोझ न रहे, इस उद्देश्य से मुख्यमंत्री कन्यादान योजना बनाई। वर्ष 2006 में मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना बनाई, जिसे कई और राज्यों ने अपनाया।



