छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के इस गांव में सौर ऊर्जा की बड़ी पहल, सभी 27 सरकारी भवनों का हुआ सोलराइजेशन..

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में जशपुर जिले ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम कुंजारा में 280 किलोवाट क्षमता का ऑन-ग्रिड सोलर पावर प्लांट स्थापित किया गया है। इस परियोजना के तहत गांव के सभी 27 शासकीय भवनों को सौर ऊर्जा से जोड़ने की पहल की गई है।

280 किलोवाट के प्लांट से 27 सरकारी भवन होंगे लाभान्वित

यह परियोजना जिला पंचायत जशपुर द्वारा राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत प्राप्त वित्तीय सहायता से क्रियान्वित की जा रही है। इसके अंतर्गत ग्राम कुंजारा में 280 किलोवाट क्षमता का ग्रिड कनेक्टेड सौर संयंत्र स्थापित किया गया है। वर्चुअल नेट मीटरिंग (VNM) व्यवस्था के माध्यम से गांव के सभी 27 शासकीय भवनों को सौर ऊर्जा का लाभ मिलेगा।

इस व्यवस्था के तहत सोलर प्लांट से उत्पादित बिजली का लाभ संबंधित सरकारी भवनों को मिलेगा। इससे शासकीय संस्थानों में स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलने के साथ बिजली खर्च में भी कमी आने की उम्मीद है।

CREDA ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

परियोजना के सफल क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। क्रेडा द्वारा परियोजना से जुड़े तकनीकी कार्यों को निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप पूरा किया गया है। कार्य के प्रत्येक चरण में तकनीकी मापदंडों और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया गया।

सौर ऊर्जा के क्षेत्र में आदर्श ग्राम बनेगा कुंजारा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सौर ऊर्जा के विस्तार, ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दे रही है। ग्राम कुंजारा में शुरू की गई यह पहल इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

इस परियोजना से पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने, सरकारी बिजली खर्च में बचत और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहन मिलेगा। जशपुर का कुंजारा गांव सौर ऊर्जा के क्षेत्र में एक आदर्श ग्राम के रूप में विकसित होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

Leave a Reply

2

Back to top button