जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के जगदलपुर में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बाफना लाइफस्टाइल कपड़ा शोरूम की छत पर युवती का शव मिला है। मृतका की पहचान दीपा सागर के रूप में हुई है, जो इसी शोरूम में काम करती थी। परिजनों ने उसके शरीर पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
21 अक्टूबर से शोरूम में कर रही थी काम
जानकारी के अनुसार, दीपा सागर ने 21 अक्टूबर को बाफना लाइफस्टाइल कपड़ा शोरूम में काम करना शुरू किया था। परिजनों के मुताबिक, रविवार शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच उनकी दीपा से फोन पर बातचीत हुई थी। इस दौरान उसने कहा था कि वह अभी बात नहीं कर सकती और बाद में फोन करेगी। इसके बाद परिवार का उससे संपर्क नहीं हो पाया।
रातभर तलाश करते रहे परिजन
परिजनों का कहना है कि रात करीब 9:30 बजे तक दीपा घर नहीं पहुंची तो उन्होंने शोरूम के कर्मचारियों से संपर्क किया। कर्मचारियों ने बताया कि दीपा शाम करीब 6:30 बजे से दिखाई नहीं दे रही है और उसका मोबाइल फोन प्रतिष्ठान में ही छूट गया है। इसके बाद कर्मचारी मोबाइल लेकर घर पहुंचे।
परिवार के सदस्य दीपा की तलाश में बाफना हाउस भी पहुंचे, लेकिन वहां दुकान बंद मिली। अगले दिन सुबह दोबारा पहुंचने पर उन्हें दीपा की मौत की जानकारी मिली। शोरूम की छत पर उसका शव मिला था।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
परिजनों ने आरोप लगाया है कि दीपा के हाथों और शरीर पर चोट तथा नाखून जैसे निशान दिखाई दे रहे थे। इसी आधार पर उन्होंने हत्या की आशंका जताई है। परिवार ने सीसीटीवी फुटेज समय पर उपलब्ध नहीं कराए जाने को लेकर भी नाराजगी जताई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस को आत्महत्या की आशंका, मिला कथित सुसाइड नोट
मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका सामने आई है। घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट मिलने की जानकारी भी दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
फिलहाल युवती की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति साफ हो सकेगी।



