रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। इस मामले के प्रमुख आरोपी और ऐप के फाउंडर सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाया गया है। अब आज 3 नवंबर को उसे रायपुर कोर्ट में पेश किए जाने की संभावना है। जानकारी के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर को शाम करीब 4 बजे तक रायपुर पहुंचाया जा सकता है।
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सौरभ चंद्राकर की ट्रांजिट रिमांड CBI को सौंपते हुए दो दिन की अनुमति दी है। इसके बाद जांच एजेंसी उसे रायपुर लेकर आ रही है, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कौन है सौरभ चंद्राकर?
सौरभ चंद्राकर छत्तीसगढ़ के भिलाई का रहने वाला है। बताया जाता है कि उसने शुरुआत में भिलाई में जूस की दुकान संचालित की थी। साल 2017 में उसने ऑनलाइन सट्टेबाजी का कारोबार शुरू किया और 2019 में दुबई जाकर इस नेटवर्क का विस्तार किया।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर ने रवि उप्पल के साथ मिलकर महादेव बेटिंग ऐप का नेटवर्क खड़ा किया। इस नेटवर्क पर हजारों करोड़ रुपये के ऑनलाइन सट्टेबाजी कारोबार से जुड़े आरोप हैं।
4336 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त
महादेव ऐप मामले की जांच के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अब तक करीब 4,336 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। सौरभ चंद्राकर पर साल 2021 के IPL के दौरान 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की सट्टेबाजी से जुड़े नेटवर्क के संचालन का आरोप भी है।
शादी में खर्च किए थे 200 करोड़ रुपये
सौरभ चंद्राकर की दुबई में हुई शादी भी काफी चर्चा में रही थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस शादी में करीब 200 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। शादी में बॉलीवुड की कई हस्तियों के शामिल होने और मेहमानों को भारत से दुबई ले जाने के लिए निजी विमानों के इस्तेमाल की खबरें भी सामने आई थीं।
रवि उप्पल की तलाश जारी
महादेव ऐप मामले में सौरभ चंद्राकर के कथित सहयोगी और सह-संस्थापक रवि उप्पल की तलाश भी जारी है। दोनों पर मिलकर ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क संचालित करने के आरोप हैं। फिलहाल रवि उप्पल की मौजूदा लोकेशन स्पष्ट नहीं है।
सौरभ चंद्राकर को रायपुर कोर्ट में पेश किए जाने के बाद इस मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई पर नजर रहेगी।



