छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में एक और प्रभारी DEO की नियुक्ति, DPI ने जारी किया आदेश..

रायपुर। छत्तीसगढ़ के शिक्षा विभाग में एक और प्रशासनिक बदलाव हुआ है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने आदेश जारी कर अभय राम नोन्हारे को बस्तर जिले के जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। वे वर्तमान में शासकीय कन्या शिक्षा परिसर परचनाल, बस्तर में प्राचार्य के पद पर पदस्थ हैं। उन्हें आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से यह जिम्मेदारी दी गई है।

बलिराम बघेल के रिटायरमेंट के बाद मिली जिम्मेदारी

दरअसल, बस्तर के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल 31 अक्टूबर 2026 को अधिवार्षिकी आयु पूरी होने के बाद शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हो गए हैं। उनके सेवानिवृत्त होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी का पद रिक्त हो गया था। इसके बाद DPI ने अभय राम नोन्हारे को अतिरिक्त प्रभार सौंपने का आदेश जारी किया है।

आहरण एवं संवितरण अधिकार भी दिए गए

DPI के आदेश के अनुसार, बस्तर जिले में जिला शिक्षा अधिकारी के पद पर नई पदस्थापना होने तक अभय राम नोन्हारे को अस्थायी रूप से अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ कोषालय संहिता भाग-1 के सहायक नियम 125 के तहत उन्हें आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से आहरण एवं संवितरण अधिकार भी प्रदान किए गए हैं।

छत्तीसगढ़ में जारी है प्रभारी DEO की व्यवस्था

बता दें कि प्रदेश के कई जिलों में नियमित जिला शिक्षा अधिकारियों के स्थान पर प्राचार्यों या समकक्ष अधिकारियों को प्रभारी DEO की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के 10 से 13 या उससे अधिक जिलों में इस तरह की अस्थायी व्यवस्था लागू है।

फिलहाल अभय राम नोन्हारे बस्तर जिले में जिला शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे। DPI का यह आदेश आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगा।

देखें DPI द्वारा जारी नियुक्ति आदेश।

Leave a Reply

2

Back to top button