छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, ASP-DSP स्तर के 33 अधिकारियों का तबादला..

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पुलिस विभाग में राज्य शासन ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। राज्य पुलिस सेवा संवर्ग के 33 अधिकारियों का तबादला किया गया है। इस संबंध में गृह (पुलिस) विभाग ने आदेश जारी कर दिया है। आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को प्रशासनिक आधार पर तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक नई पदस्थापना दी गई है।

इस तबादला सूची में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP), उप पुलिस अधीक्षक (DSP), नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) और सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) स्तर के अधिकारी शामिल हैं। कई अधिकारियों को एक जिले से दूसरे जिले में भेजा गया है, जबकि कुछ को पुलिस मुख्यालय और विभिन्न रेंज में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

किस अधिकारी को कहां मिली नई जिम्मेदारी?

जारी आदेश के अनुसार, रिया मिश्रा को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात), जिला बिलासपुर बनाया गया है। बंतलूराम भगत को उप सेनानी, छठवीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल रायगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है। शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय को ASP बलरामपुर, रामगोपाल करियारे को ASP कटघोरा जिला कोरबा और नितीश कुमार ठाकुर को ASP बेमेतरा पदस्थ किया गया है।

अभिषेक माहेश्वरी को 21वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल करकाभाट, बालोद में उप सेनानी बनाया गया है। गीता वाधवानी को राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। देवेन्द्र कुमार सिंह को DSP परिवहन, जिला सरगुजा और लितेश सिंह को ACP यातायात, रायपुर नगरीय बनाया गया है। विकास पाटले को बालक विरुद्ध अपराध अन्वेषण शाखा, जिला बालोद में DSP की जिम्मेदारी मिली है।

मणीशंकर चंद्रा को ACP पुलिस लाइन रायपुर नगरीय, श्याम मधुकर को DSP लाइन बेमेतरा और सौरभ उईके को ACP यातायात रायपुर नगरीय बनाया गया है। रूपेश कुमार को DSP यातायात धमतरी, उत्तम प्रताप सिंह को SDOP सीतापुर जिला सरगुजा और आशीष कुमार नेताम को SDOP सुकमा पदस्थ किया गया है।

मनीष रात्रे को SDOP बिलाईगढ़ जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, नीलेश द्विवेदी को DSP विशेष शाखा पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर और नेलसन कुजूर को सरगुजा रेंज के IG कार्यालय में DSP की जिम्मेदारी दी गई है। कौशल किशोर वासनिक को DSP अजाक जिला कोरिया, गोपाल कुमार वैश्य को DSP कोरिया और श्रीकांत शुक्ला को DSP मुख्यालय बालोद बनाया गया है।

इन जिलों में भी बदले गए अधिकारी

विशाल गर्ग को नगर पुलिस अधीक्षक सूरजपुर, स्निग्धा सलामे को SDOP कोंडागांव और सुशांतो बनर्जी को DSP गौरेला-पेंड्रा-मरवाही पदस्थ किया गया है। संगम राम को SDOP बोड़ला जिला कबीरधाम और अमृता पैकरा को SDOP वाड्रफनगर जिला बलरामपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

रमेश चन्द्रा को DSP यातायात बिलासपुर, रामावतार धुरव को बालक विरुद्ध अपराध अन्वेषण शाखा जिला राजनांदगांव और विनोद कुमार मण्डावी को नगर पुलिस अधीक्षक दल्लीराजहरा जिला बालोद बनाया गया है।

वहीं माया शर्मा को छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस जवाबदेही प्राधिकरण रायपुर में DSP, सत्यकला रामटेके को DSP अजाक क्राइम जिला धमतरी और विवेक शर्मा को DSP जिला बेमेतरा पदस्थ किया गया है।

इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद प्रदेश के कई जिलों, पुलिस मुख्यालय और रेंज कार्यालयों में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है।

Leave a Reply

Back to top button