रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बनती जा रही है। इस डिजिटल पहल के जरिए लोग घर बैठे सरकारी सेवाओं और योजनाओं से जुड़ी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। शासन का उद्देश्य केवल शिकायतों को पोर्टल पर बंद करना नहीं, बल्कि नागरिकों को वास्तविक और संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हेल्पलाइन और प्रशासनिक कामकाज की उच्चस्तरीय समीक्षा के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शिकायतों का निराकरण संवेदनशीलता और तय समयसीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता को अपनी समस्याओं के लिए भटकना न पड़े और लापरवाही करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय हो।
24 घंटे चालू रहती है हेल्पलाइन
छत्तीसगढ़ शासन का टोल-फ्री नंबर 1076 सप्ताह के सातों दिन और 24 घंटे चालू रहता है। इस व्यवस्था से राज्य के 49 विभागों के लगभग 8 हजार अधिकारी जुड़े हुए हैं। वहीं, 1195 श्रेणियों में शिकायतों के निराकरण के लिए निर्धारित समयसीमा तय की गई है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, सीएम हेल्पलाइन 1076 पर अब तक कुल 2 लाख 45 हजार 376 शिकायतें दर्ज हुई हैं। इनमें से 2 लाख 10 हजार 649 शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है। शेष 34 हजार 727 शिकायतों पर कार्रवाई जारी है। इस तरह कुल शिकायतों में से 85.85 प्रतिशत का समाधान किया जा चुका है।
किन समस्याओं की कर सकते हैं शिकायत?
सीएम हेल्पलाइन 1076 पर आम नागरिक कई तरह की समस्याएं दर्ज करा सकते हैं। इनमें बिजली कटौती, खराब ट्रांसफार्मर, बिजली बिल में गड़बड़ी, नामांतरण, फौती, खाता विभाजन, सीमांकन में देरी और जमीन-जायदाद से जुड़े मामले शामिल हैं।
इसके अलावा निवास और जाति प्रमाण पत्र में देरी, थाने या तहसील में सुनवाई नहीं होना, राशन कार्ड, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, सड़क और पेंशन से संबंधित शिकायतें भी दर्ज कराई जा सकती हैं।
शिकायतों के समाधान के सामने आए उदाहरण
सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से अलग-अलग जिलों में नागरिकों को राहत मिलने के उदाहरण सामने आए हैं।
- जांजगीर-चांपा: पामगढ़ के ग्राम भवतरा निवासी देवेंद्र दिनकर की राशन कार्ड संबंधी शिकायत पर त्रुटि सुधारी गई और उनका कार्ड दोबारा सक्रिय हुआ।
- कांकेर: दुर्गूकोंदल के ग्राम चिखली के आश्रित ग्राम हड़फड़ में खराब सोलर पंप को क्रेडा विभाग ने कुछ ही घंटों में ठीक किया।
- गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: खनिज विभाग ने अवैध रेत और गिट्टी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 8 ट्रैक्टर जब्त किए।
- महासमुंद: बसना के खिरोद कुमार साव की इलेक्ट्रिक वाहन सब्सिडी से जुड़ी लंबित समस्या का परिवहन विभाग ने समाधान किया।
- जशपुर: तपकरा के बुजुर्ग त्रिपुरारी शर्मा की बंद वृद्धावस्था पेंशन बहाल की गई। वहीं, ओम प्रकाश की शिकायत पर नया मोटर लगाकर पेयजल आपूर्ति शुरू की गई, जिससे 200 परिवारों को राहत मिली।
- सरगुजा: ग्राम करिया की छात्रा आराधना सिंह के आधार कार्ड में जन्मतिथि सुधारी गई, जिससे उनकी उच्च शिक्षा की राह आसान हुई।
शिकायत से समाधान तक तय होती है जवाबदेही
सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने पर नागरिक को एक यूनिक रजिस्ट्रेशन नंबर मिलता है। इसके जरिए शिकायत की स्थिति पर नजर रखी जा सकती है। उच्च स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग से संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होती है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि अच्छा काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि लगातार लापरवाही करने वालों की जवाबदेही तय होगी।
सरकार की यह पहल प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के साथ-साथ शिकायतों के समयबद्ध और संतोषजनक समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



