रायपुर। छत्तीसगढ़ में आर्थिक अपराधों की जांच के सिलसिले में EOW-ACB की टीम ने शुक्रवार सुबह प्रदेशभर में बड़ी कार्रवाई की। कोल लेवी और CSMCL शराब घोटाला मामलों की जांच के तहत रायपुर, दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, गरियाबंद और राजिम समेत कई स्थानों पर छापेमारी की गई। जानकारी के मुताबिक, प्रदेश में करीब डेढ़ दर्जन ठिकानों पर जांच की जा रही है।
सुबह-सुबह कई जिलों में पहुंची जांच टीम
शुक्रवार सुबह EOW-ACB की अलग-अलग टीमें विभिन्न ठिकानों पर पहुंचीं और दस्तावेजों की जांच शुरू की। अचानक हुई इस कार्रवाई से संबंधित क्षेत्रों में हलचल मच गई। जांच टीमों द्वारा दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है।
दुर्ग के पद्मनाभपुर और तालपुरी में भी दबिश
दुर्ग जिले में भी EOW-ACB की टीम ने कार्रवाई की। टीम पद्मनाभपुर पहुंची, जहां कोल लेवी और शराब घोटाले से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। इसके अलावा तालपुरी समेत अन्य स्थानों पर भी टीम के पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
राजनांदगांव में दो ठिकानों पर छापेमारी
राजनांदगांव जिले में EOW की टीम ने शुक्रवार को दो अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। मिली जानकारी के अनुसार, टीम चार गाड़ियों में पहुंची थी। इसके बाद दो टीमों ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर जांच शुरू की।
पहली टीम ने लालबाग क्षेत्र के सनसिटी में दबिश दी, जबकि दूसरी टीम नए बस स्टैंड के सामने अवना होटल के बाजू स्थित एक ठिकाने पर पहुंची। दोनों स्थानों पर दस्तावेजों की जांच किए जाने की जानकारी है।
जांच के बाद सामने आएगी विस्तृत जानकारी
फिलहाल छापेमारी के संबंध में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जांच के दायरे में कौन-कौन लोग हैं और किन दस्तावेजों की तलाश की जा रही है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी जांच और रिकॉर्ड की पड़ताल जारी है।
EOW-ACB की इस कार्रवाई को कोल लेवी और CSMCL शराब घोटाला मामलों की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, कार्रवाई से जुड़े विस्तृत तथ्यों और जांच के निष्कर्षों की पुष्टि आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही हो सकेगी।



