रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि एक महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अग्रसेन धाम चौक की है, जहां तेज रफ्तार स्कोडा कार और बलेनो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बलेनो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मृतक की पहचान 60 वर्षीय नरेंद्र सिंह भसीन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह बलेनो कार चला रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार महिला और दो बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं।
शादी समारोह से लौट रहा था परिवार
बताया जा रहा है कि श्याम नगर निवासी परिवार नया रायपुर में आयोजित भतीजी के विवाह समारोह में शामिल होकर घर लौट रहा था। परिवार के सदस्य बलेनो कार में सवार थे। इसी दौरान अग्रसेन धाम चौक के पास स्कोडा कार ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। कुछ देर पहले तक शादी की खुशियों में शामिल परिवार के लिए यह हादसा दुखद घटना में बदल गया।
स्कोडा सवार चार युवक कार छोड़कर फरार
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, स्कोडा कार में चार युवक सवार थे। हादसे में उन्हें भी चोटें आने की बात सामने आई है। दुर्घटना के बाद चारों युवक कार छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल स्कोडा कार को जब्त कर लिया है। फरार युवकों की तलाश की जा रही है।
नशे में गाड़ी चलाने की आशंका, जांच जारी
हादसे को लेकर ड्रंक एंड ड्राइव की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, स्कोडा सवार युवकों के शराब के नशे में होने की पुष्टि करने वाली कोई आधिकारिक चिकित्सकीय या पुलिस जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई है। दुर्घटना के वास्तविक कारण, वाहन की रफ्तार और उस समय कार कौन चला रहा था, इसकी जानकारी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस फरार युवकों की पहचान और तलाश में जुटी है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के गंभीर परिणामों को सामने ला दिया है।



