छत्तीसगढ़

CG News: बलरामपुर में बस और बाइक की भीषण टक्कर, दो युवकों की मौके पर मौत..

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम गोविंदपुर के पास तेज रफ्तार बस और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

बस और बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर

जानकारी के अनुसार, जशपुर की ओर से आ रही पॉपुलर बस और सामने से आ रही बाइक (क्रमांक CG 30 F 7908) की ग्राम गोविंदपुर के पास टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मृतकों की हुई पहचान

मृतकों की पहचान ग्राम कांची निवासी 18 वर्षीय ननसू राम बरगाह, पिता रमेश राम, और उनके साथी राजू राम के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों गुरुवार को किसी काम से कुसमी आए थे। शाम करीब 5 बजे वे बाइक से अपने गांव लौटने के लिए रवाना हुए थे। करीब 5:20 बजे गोविंदपुर के पास यह हादसा हो गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों वाहनों की रफ्तार तेज थी और टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। घटना की सूचना ग्राम कोटवार जयप्रकाश ने कुसमी थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए कुसमी अस्पताल भेजा। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। मामले में प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

सड़क हादसे ने फिर बढ़ाई चिंता

गोविंदपुर के पास हुए इस हादसे में दो युवकों की जान जाने से क्षेत्र में दुख का माहौल है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button