रायपुर। राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, महिला सुरक्षा मजबूत करने और शहर की स्वच्छता व्यवस्था में सुधार के लिए समन्वित कार्ययोजना तैयार की जाएगी। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने शुक्रवार को जयस्तंभ चौक स्थित मल्टी लेवल पार्किंग के तीसरे माले में संचालित इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) वार रूम का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद आयोजित बैठक में उन्होंने शहर के समग्र विकास और बेहतर प्रबंधन से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की। अधिकारियों को ITMS वार रूम को सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस के रूप में विकसित करने और तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रमुख मार्गों पर यातायात का होगा आकलन
शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की संख्या, यातायात के दबाव और सड़क की क्षमता का आकलन किया जाएगा। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस, क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) और नगर निगम की संयुक्त टीम के माध्यम से समन्वित कार्रवाई पर जोर दिया गया।
सफाई व्यवस्था की होगी निगरानी
प्रमुख सचिव ने प्रमुख सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित साफ-सफाई तथा घर-घर कचरा संग्रहण को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। ITMS की निगरानी व्यवस्था के माध्यम से गंदगी वाले स्थानों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।
महिला सुरक्षा और आपदा प्रबंधन पर फोकस
बैठक में महिला सुरक्षा को मजबूत बनाने और आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर चर्चा हुई। तकनीकी निगरानी व्यवस्था के प्रभावी उपयोग की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।
अवैध खुदाई और निर्माण पर रहेगी नजर
शहर में अवैध खुदाई और निर्माण गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया गया। निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और नियमों के उल्लंघन पर संबंधित विभागों को समन्वित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
नागरिकों को जागरूक करने पर जोर
यातायात नियमों का पालन, सार्वजनिक संपत्ति का संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार व्यवहार विकसित करने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने पर चर्चा हुई। बैठक में अधिकारियों को विभागीय समन्वय के साथ शहर की व्यवस्थाओं में सुधार लाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया।
इस दौरान नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक नीलेश महादेव क्षीरसागर, रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, डीसीपी अर्चना सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



