छत्तीसगढ़

जशपुर में बड़ा हादसा: बिजली का पोल बदलते समय करंट लगा, 2 मजदूरों की मौत; 4 घायल..

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के पकारगांव में बिजली का पोल बदलने के दौरान करंट लगने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसा मंगलवार को उस समय हुआ, जब निजी ठेकेदार के मजदूर बिजली का खंभा शिफ्ट करने का काम कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार, ठेकेदार द्वारा लगाए गए सात मजदूर बिना बिजली सप्लाई बंद किए पोल को स्थानांतरित कर रहे थे। इसी दौरान पोल चालू बिजली लाइन के संपर्क में आ गया और मजदूर करंट की चपेट में आ गए। हादसे में रायगढ़ निवासी अलेख एक्का (28) और गरियाबंद निवासी तोमन ध्रुव (30) की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में घायल चार मजदूरों को तत्काल पत्थलगांव अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना के बाद मजदूरों ने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। मजदूरों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार ने बिजली बंद करने की अनुमति यानी पावर शटडाउन लिए बिना ही जोखिम भरा काम शुरू कराया।

विद्युत विभाग के सहायक अभियंता के.के. देशमुख के अनुसार, काम शुरू करने से पहले ठेकेदार ने संबंधित जेई को सूचना नहीं दी थी और न ही शटडाउन परमिट लिया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की बात कही गई है।

Leave a Reply

Back to top button