छत्तीसगढ़

पीएम आवास पर सियासत तेज, भूपेश बघेल ने स्वीकार की विजय शर्मा की चुनौती..

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की ओर से दी गई बहस की चुनौती को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वीकार कर लिया है। बघेल ने कहा कि समय और स्थान तय कर लें, वे बहस के लिए तैयार हैं।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पीएम आवास योजना के आंकड़े सामने रखते हुए दावा किया था कि प्रदेश में सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत कर निर्माण का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि अब तक 11 लाख से अधिक पीएम आवास-ग्रामीण के मकान पूरे किए जा चुके हैं।

विजय शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर पीएम आवास को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा था कि यदि वे इस मुद्दे पर चर्चा करना चाहते हैं तो सरकार किसी भी मंच पर बहस के लिए तैयार है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस चुनौती को स्वीकार करते हुए कहा कि “मुझे विजय शर्मा की चुनौती मंजूर है। समय और स्थान तय कर लें, मैं बहस करने के लिए तैयार हूं।”

बघेल ने पीएम आवास के आंकड़ों को लेकर विजय शर्मा पर सवाल खड़े किए। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में 18 लाख 50 हजार आवास स्वीकृत होने की बात कही गई है, जबकि संसद में अलग आंकड़े सामने आते हैं। बघेल ने सवाल उठाया कि दोनों में सही आंकड़ा कौन सा है।

बघेल ने दावा किया कि प्रदेश में 11 लाख से अधिक आवास पहले ही बन चुके थे और इनमें पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह तथा उनके कार्यकाल के आवास भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान बिलासपुर में आयोजित कार्यक्रम में करीब 7 लाख आवास स्वीकृत किए गए थे।

बघेल ने सरकार से सवाल किया कि मौजूदा सरकार ने कितने आवास स्वीकृत किए और उनमें से कितने पूरे हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि 18 लाख 45 हजार आवास उनके कार्यकाल में ही स्वीकृत हो चुके थे।

अब पीएम आवास योजना के आंकड़ों को लेकर दोनों नेताओं के बीच बहस की चुनौती ने छत्तीसगढ़ की सियासत को और गरमा दिया है।

Leave a Reply

Back to top button