रायपुर। राजधानी रायपुर में चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं ने सनसनी फैला दी। रविवार रात डीडी नगर थाना क्षेत्र में दो वारदातों में दो युवकों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने एक मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं।
पहली वारदात: रायपुरा चौक में विवाद के बाद चाकूबाजी
पहली घटना रायपुरा चौक की है। मृतक की पहचान चंगोराभाठा निवासी टीकेंद्र देवांगन (20) के रूप में हुई है। वहीं निषादपारा रायपुरा निवासी कैलाश निषाद (20) गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज एम्स रायपुर में चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात कैलाश अपनी महिला मित्र के साथ पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान टीकेंद्र स्कूटी से वहां पहुंचा और रास्ता रोककर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर टीकेंद्र ने कैलाश पर चाकू से हमला कर दिया। बचाव के दौरान कैलाश ने चाकू छीनकर टीकेंद्र पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से टीकेंद्र की मौत हो गई।
पुलिस ने घायल कैलाश को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में उसे एम्स रायपुर रेफर किया गया। पुलिस विवाद की वजह की जांच कर रही है।
दूसरी वारदात: चंगोराभाठा में युवक की हत्या
दूसरी घटना श्रीराम नगर, चंगोराभाठा की है। यहां करीब रात 12:30 बजे 20 वर्षीय भोला विश्वकर्मा पर कुछ स्थानीय युवकों ने कथित आपसी रंजिश के चलते चाकू से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल भोला को तत्काल मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 2 नाबालिग भी शामिल हैं। वहीं अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
राजधानी में लगातार चाकूबाजी से चिंता
एक ही थाना क्षेत्र में कुछ ही घंटों के अंतराल में हुई दो खूनी वारदातों ने राजधानी की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में टीम जुटी हुई है।



