दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान महिला और उसके दो बच्चों पर एसिड फेंकने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बाइक सवार बदमाशों ने सुनसान रास्ते पर महिला को निशाना बनाया। एसिड हमले में महिला का चेहरा बुरी तरह झुलस गया, जबकि उसके साथ मौजूद दोनों बच्चे भी घायल हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, महिला अपने बच्चों के साथ कांवड़ यात्रा पर निकली थी। अरसनारा और रेवलीडीह के बीच सुनसान रास्ते पर बाइक सवार बदमाश पहुंचे और महिला पर एसिड फेंककर मौके से फरार हो गए। अचानक हुए हमले के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना के बाद पीड़िता ने लोगों से मदद मांगी। महिला और दोनों बच्चों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में तलाश कर रही है। घटना के पीछे क्या वजह थी और आरोपियों का महिला से कोई पुराना विवाद था या नहीं, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस ने नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।



