छत्तीसगढ़

.Axis Bank Fraud: ग्राहक की FD तोड़कर 14.97 लाख उड़ाए, डिप्टी मैनेजर समेत 2 पर FIR..

रायपुर। राजधानी रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित एक्सिस बैंक शाखा में बैंकिंग फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। आरोप है कि बैंक के उप प्रबंधक ने ग्राहक की जानकारी और सहमति के बिना फर्जी कस्टमर रिक्वेस्ट फॉर्म के जरिए मोबाइल नंबर बदलकर खाते तक पहुंच बनाई और करीब 14.97 लाख रुपये की रकम दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दी।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित महिला सुषमा कुमार का खाता एक्सिस बैंक की देवेंद्र नगर शाखा में है। आरोप है कि उप प्रबंधक कुलदीप सिंह ने 17 जुलाई को फर्जी दस्तावेज के जरिए खाते में दर्ज मोबाइल नंबर बदल दिया। इसके बाद बैंकिंग एप के माध्यम से खाते तक पहुंच बनाई गई।

इसके बाद ग्राहक की 14.40 लाख रुपये से अधिक की FD समय से पहले बंद कर दी गई। FD की राशि बचत खाते में जमा होने के बाद अन्य रकम मिलाकर कुल 14.97 लाख रुपये गुढ़ियारी स्थित एक निजी फर्म इंडियन सेल्स के खाते में ट्रांसफर किए गए। पुलिस के मुताबिक, बाद में चेक और एटीएम के जरिए रकम निकाली गई।

मामले का खुलासा 7 अगस्त को हुआ, जब पीड़ित महिला बैंक पहुंचीं और खाते में हुई गड़बड़ी की जानकारी मिली। बैंक की आंतरिक जांच में फर्जीवाड़े की पुष्टि होने के बाद शाखा प्रबंधक ने गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने इस मामले में बैंक के उप प्रबंधक कुलदीप सिंह और इंडियन सेल्स के संचालक योगेश येडे के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक रिकॉर्ड, चेक और एटीएम ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मामले में और कौन-कौन शामिल था।

Leave a Reply

Back to top button