सरगुजा। उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में भालू के हमले से एक ग्रामीण की मौत हो गई। घटना उदयपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम सितकालो के जंगल की है। मृतक की पहचान चैतू राम के रूप में हुई है।
बताया गया कि चैतू राम बुधवार सुबह मवेशी और बकरियां चराने जंगल गया था। इसी दौरान वह जंगल के भीतर खुखड़ी यानी जंगली मशरूम तलाशने चला गया, जहां अचानक भालू ने उस पर हमला कर दिया। भालू ने उसके सिर, कंधे और पीठ पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
हमले के बाद चैतू राम किसी तरह भालू से बचकर गांव की ओर पहुंचा। ग्रामीणों ने उसे लहूलुहान हालत में देखा और परिजनों को सूचना दी। उसे पहले उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फिर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया।
हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रायपुर रेफर कर दिया, लेकिन रायपुर ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। वन विभाग को घटना की जानकारी दे दी गई है और ग्रामीणों को जंगल में जाने से बचने की सलाह दी गई है। खासकर खुखड़ी और पुटू जैसे जंगली खाद्य पदार्थों की तलाश में जंगल जाने वाले ग्रामीणों से सावधानी बरतने को कहा गया है।



