जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक युवक की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। सन्ना थाना क्षेत्र में पंचायत भवन के पास बाप-बेटे ने पहाड़ी कोरवा युवक पर पत्थर से हमला कर उसकी जान ले ली। पूरी वारदात पंचायत भवन में लगे CCTV कैमरे में कैद हुई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है।
मृतक की पहचान कंदरई, बलादरपाठ निवासी भगुआ राम (30) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि भगुआ राम लकड़ी बेचने के लिए सन्ना आया था। इसी दौरान उसका बाप-बेटे से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद के दौरान आरोपियों ने भगुआ राम पर हमला कर दिया। एक आरोपी ने पत्थर से उसके सिर पर वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद दूसरे आरोपी ने भी उसके सिर पर कई बार पत्थर से हमला किया। गंभीर रूप से घायल भगुआ राम को परिजन और ग्रामीण अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



