छत्तीसगढ़

तेंदुए की 6 फीट लंबी खाल बरामद, वन विभाग ने दबोचे 3 आरोपी..

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। धौड़ाई वन परिक्षेत्र की टीम ने गयातापारा मार्ग के पास तीन संदिग्धों को तेंदुए की खाल के साथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक, वन विभाग की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन युवकों को संदिग्ध परिस्थितियों में रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक वयस्क तेंदुए की पूरी और साबुत खाल बरामद हुई।

बरामद खाल की लंबाई करीब 184 सेंटीमीटर यानी लगभग 6 फीट बताई गई है। वन अधिकारियों के अनुसार, खाल की लंबाई से अनुमान है कि तेंदुआ वयस्क था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनूराम कचलाम (39), पुनीत कुमार बघेल (32), निवासी छोटेडोंगर और जमधर पोताई (50), निवासी धौड़ाई के रूप में हुई है।

वन विभाग ने तीनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को नारायणपुर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

फिलहाल वन विभाग मामले की आगे जांच कर रहा है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि तेंदुए का शिकार कहां किया गया था और आरोपी किसी बड़े वन्यजीव तस्करी नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं।

Leave a Reply

Back to top button